रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई सुरक्षा व्यवस्था वापस लौटा दी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने सुरक्षा से जुड़े सभी संसाधनों को हटाने का निर्णय लिया है और पिछले पांच दिनों से बिना सुरक्षा के ही अपने कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। गुरुवार को आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भी वह बिना सुरक्षा कर्मियों के पहुंचे।

हालांकि, वित्त मंत्री फिलहाल मंत्री पद के लिए उपलब्ध कराई गई सरकारी वाहन का उपयोग कर रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय के पत्र के बाद लिया निर्णय

जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की ओर से वित्त विभाग को एक पत्र भेजा गया था, जिसमें वित्त मंत्री की सुरक्षा में लगाए गए एक वाहन को वापस लेने का निर्देश दिया गया था। वर्तमान में उनकी सुरक्षा व्यवस्था में चार वाहन और 16 सुरक्षा कर्मी तैनात थे।

यह पत्र वित्त विभाग के संयुक्त सचिव के माध्यम से वित्त मंत्री तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इसी के बाद उन्होंने नाराजगी जताई और सुरक्षा व्यवस्था लौटाने का फैसला किया।

तीन वाहनों में 16 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को बताया अव्यावहारिक

सूत्रों के अनुसार, वित्त मंत्री का मानना है कि 16 सुरक्षा कर्मियों को केवल तीन वाहनों में संचालित करना व्यावहारिक नहीं है। इसी कारण उन्होंने सुरक्षा से संबंधित सभी सुविधाएं वापस कर दीं।

फिलहाल इस मामले में राज्य सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, वित्त मंत्री पिछले कुछ दिनों से बिना सरकारी सुरक्षा के ही अपने सरकारी कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version