रांची: झारखंड में पात्रता परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 के आयोजन को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल 2026, रविवार को किया जाएगा।
दो पेपर में होगी परीक्षा
आयोग के अनुसार परीक्षा दो पेपरों में आयोजित होगी।
पेपर-1: इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसमें अभ्यर्थियों की शिक्षण योग्यता, तार्किक क्षमता, पठन कौशल और सामान्य जागरूकता का मूल्यांकन किया जाएगा।
पेपर-2: इसमें 100 प्रश्न होंगे, जो 200 अंकों के होंगे। यह पेपर अभ्यर्थी के चयनित विषय पर आधारित होगा और विषय ज्ञान की जांच करेगा।
दोनों पेपर के लिए कुल तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है और परीक्षा के दौरान कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा।
इन जिलों में बनेंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा राज्य के छह जिलों—रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग और देवघर—में आयोजित की जाएगी। आयोग ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सूची 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी ओटीआर पोर्टल के माध्यम से अपने केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड कब मिलेगा
अभ्यर्थी 22 अप्रैल 2026 से अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे।
जरूरी दस्तावेज अनिवार्य
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, उपस्थिति पत्रक, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना इन दस्तावेजों के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और आईरिस जांच की व्यवस्था की जाएगी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा सके। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

