रांची: झारखंड कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में आयोजित होगी। इस बैठक में तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे कई अहम नीतिगत फैसलों पर मुहर लग सकती है।
बजट योजनाओं पर लग सकती है मुहर
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न विभागों से देर रात तक प्रस्ताव मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग को भेजे गए हैं। बैठक में राज्य सरकार के बजट में घोषित कई योजनाओं को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा नीतिगत मामलों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।
इन मुद्दों पर हो सकता है फैसला
कैबिनेट बैठक में झारखंड वित्त आयोग को अवधि विस्तार देने का प्रस्ताव भी आ सकता है। इसके साथ ही सड़क निर्माण, स्कूल भवनों के निर्माण और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से जुड़े मामलों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
34 दिनों बाद हो रही बैठक
गौरतलब है कि यह कैबिनेट बैठक करीब 34 दिनों बाद आयोजित हो रही है। इससे पहले 12 मार्च को पिछली बैठक हुई थी।
इंडियन बैंक के साथ होगा एमओयू
कैबिनेट बैठक से पहले राज्य सरकार और इंडियन बैंक के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।
यह समझौता ‘स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज’ से संबंधित होगा, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों को सैलरी, पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और दुर्घटना की स्थिति में वित्तीय सहायता जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही कर्मचारियों को आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इस पहल से राज्य के सरकारी कर्मचारियों को वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

