रांची: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के थिएटर रोड में बुधवार को झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारक्राफ्ट के नए एम्पोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एम्पोरियम केवल बिक्री केंद्र नहीं, बल्कि झारखंड के कारीगरों के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है।
झारखंड की कला और संस्कृति को नई पहचान
मंत्री ने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला, बाँस और लकड़ी के शिल्प तथा जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। कोलकाता जैसे सांस्कृतिक नगर में एम्पोरियम का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत का संगम
इस अवसर पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता कला और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है और यहाँ झारक्राफ्ट का नया एम्पोरियम दोनों राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगा।
वहीं झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एम्पोरियम कोलकाता में विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में अन्य महानगरों में भी नए एम्पोरियम खोले जाएंगे।

