रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की इंटर आर्ट्स परीक्षा की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को अब आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई नहीं छोड़नी पड़ेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को मामले की जांच कर छात्रा की उच्च शिक्षा के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
खबर के बाद मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
प्रभात खबर में छोटी कुमारी की आर्थिक परेशानी से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता चीकू मेहता ने इस मामले को झारखंड मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान में लाने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया और मंत्री सुदिव्य सोनू को भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
हॉस्टल फीस के लिए जूझ रही थी स्टेट टॉपर
बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के खैराचातर गांव की रहने वाली छोटी कुमारी ने जैक इंटर आर्ट्स परीक्षा में 487 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया था। उसने किसी तरह रांची महिला कॉलेज में नामांकन के लिए राशि का इंतजाम कर लिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण हॉस्टल शुल्क जमा नहीं कर पा रही थी।
उच्च शिक्षा में नहीं आएगी आर्थिक बाधा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब जिला प्रशासन छात्रा की स्थिति का आकलन कर उसकी उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगा। इस पहल से छोटी कुमारी की आगे की पढ़ाई का रास्ता आसान होने की उम्मीद है।
