रांची : राजधानी रांची में गर्मी के मौसम के दौरान खाद्य संक्रमण और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खतरे को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। विभाग की टीम मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों और स्ट्रीट फूड की गुणवत्ता की जांच कर रही है।

अभियान के दौरान कई फूड स्टॉल और दुकानों के आसपास गंदगी पाए जाने पर संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है। वहीं विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।

लालपुर और बिरसानगर में दो दुकानों पर जुर्माना

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर लालपुर और बिरसानगर क्षेत्र की दो दुकानों पर कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

बाजार, स्कूल और फूड हब बने जांच का केंद्र

खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के प्रमुख बाजारों, स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों, फूड हब, शाम के नाश्ता केंद्रों और सड़क किनारे संचालित खाने-पीने की दुकानों को जांच के लिए चिन्हित किया है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले तेल, पानी, मसाले, दूध से बने उत्पादों और तैयार खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। मौके पर प्रारंभिक जांच भी की गई, हालांकि विस्तृत परीक्षण के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य पदार्थों को ढंककर रखने का निर्देश

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि विभाग नियमित रूप से खाद्य पदार्थों की जांच करता है, लेकिन गर्मी के मौसम में भोजन जल्दी खराब होने और बैक्टीरिया संक्रमण का खतरा बढ़ने के कारण इस बार अभियान को और व्यापक बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि गंदे पानी का उपयोग, खाद्य पदार्थों का गलत भंडारण और खुले में भोजन रखना संक्रमण के प्रमुख कारण हैं। इसलिए दुकानदारों को खाद्य सामग्री को ढंककर रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई की कमी, खुले में रखे खाद्य पदार्थ और स्वच्छ पानी के उपयोग में लापरवाही जैसी खामियां सामने आईं। विभाग ने सभी स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, ढके हुए कूड़ादान का उपयोग करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी गर्मी के मौसम में खुले और अस्वच्छ स्थानों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सावधानी और स्वच्छता ही खाद्य जनित बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version