रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार पर महंगाई, आर्थिक संकट और आम लोगों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान वास्तविक स्थिति से अलग और जनता को भ्रमित करने वाला है।

उन्होंने कहा कि देश में असली समस्या अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत नहीं, बल्कि भाजपा की “चुनावी तेल नीति” है। विनोद कुमार पांडेय के अनुसार केंद्र सरकार ने कई मौकों पर यह साबित किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें आर्थिक आधार पर नहीं, बल्कि चुनावी परिस्थितियों को देखकर तय की जाती हैं।

चुनाव के दौरान दाम स्थिर रखने का आरोप

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, तब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान 137 दिनों तक पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रखे गए।

वहीं बाद में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटकर 75 से 80 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई, तब आम लोगों को उसी अनुपात में राहत नहीं दी गई।

तेल कंपनियों के मुनाफे पर उठाए सवाल

विनोद कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले दो रुपये प्रति लीटर की कटौती यह दर्शाती है कि सरकार के फैसले बाजार नहीं, बल्कि राजनीति तय करती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी तेल कंपनियों ने वित्त वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड मुनाफा कमाया, तब “अंडर रिकवरी” का मुद्दा क्यों उठाया गया।

महंगाई और सोने की कीमतों को लेकर चिंता

झामुमो महासचिव ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक अस्थिरता का असर सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के रूप में दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि आम लोगों की आय और बचत में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई, जबकि रुपया लगातार कमजोर हुआ है। ऐसे में लोग अपनी बचत सुरक्षित रखने के लिए सोने की ओर रुख कर रहे हैं।

राशन कार्ड मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा

विनोद कुमार पांडेय ने राशन कार्ड रद्द किए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी गरीबों को योजनाओं से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में भी गरीब, आदिवासी और मूलवासी परिवारों के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, जिसे झारखंड मुक्ति मोर्चा बर्दाश्त नहीं करेगा।

जनता अब सच्चाई समझ चुकी है

उन्होंने कहा कि आम लोग महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते करों के बोझ से परेशान हैं। भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भ्रम और भय की राजनीति कर रही है, लेकिन अब देश और झारखंड की जनता सच्चाई समझ चुकी है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version