भारत और सेशेल्स के रिश्तों को मिली नई मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद हुए इन समझौतों का उद्देश्य रक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल भुगतान, कृषि, शिक्षा, समुद्री सुरक्षा और अंतरिक्ष सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करना है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि, बाह्य अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग, सेशेल्स में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देने, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ इंडिया के साथ व्यापक ऋण सुविधा और नए सेशेल्स राष्ट्रीय अस्पताल की प्रारंभिक तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं।
सेशेल्स को गश्ती पोत और रक्षा उपकरण देगा भारत
भारत ने सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक तेज गश्ती पोत उपहार में देने की घोषणा की है। इसके अलावा सेशेल्स रक्षा बल को 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल श्रेणी की नौकाएं भी सौंपी जाएंगी।
साथ ही सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पोत पीएस जोरोस्टर के पुनर्निर्माण कार्य के पूरा होने तथा डोर्नियर विमान को आधुनिक ग्लास कॉकपिट प्रणाली से अपग्रेड करने की भी घोषणा की गई।
विकास परियोजनाओं के तहत मिली बड़ी सहायता
भारत ने विकास सहयोग के तहत सेशेल्स को छह एंबुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट भी उपलब्ध कराया है।
इसके साथ ही भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक स्मारक लोगो जारी किया गया। व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा केंद्र की आधारशिला रखने का कार्यक्रम भी डिजिटल माध्यम से आयोजित किया गया।
सेशेल्स में यूपीआई आधारित भुगतान को मिलेगा बढ़ावा
भारत और सेशेल्स ने नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड तथा सेशेल्स के केंद्रीय बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य सेशेल्स में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देना और दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग को नई गति देना है।
जन औषधि योजना के तहत मिलेगी किफायती भारतीय दवाएं
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच हुए समझौते के तहत जन औषधि योजना के माध्यम से सेशेल्स के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती भारतीय दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा दोनों देशों ने राजनयिक प्रशिक्षण, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा, सेशेल्स के ध्वज वाले जहाजों पर कार्यरत नाविकों के प्रशिक्षण एवं प्रमाणन की पारस्परिक मान्यता तथा बाह्य अंतरिक्ष की खोज और उसके शांतिपूर्ण उपयोग से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।
राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी वहां आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।

