रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उच्च शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, आधुनिक तथा छात्र-केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

युवाओं को मिले रोजगारोन्मुख और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि उन्हें ऐसी गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों और रोजगार के अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

उन्होंने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को समय की मांग के अनुरूप विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन के मामलों का शीघ्र करें निष्पादन

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर समयबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो सके।

कॉलेजों की रैंकिंग के आधार पर बने सुधार योजना

हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के सभी महाविद्यालयों को उनकी रैंकिंग के आधार पर श्रेणीबद्ध किया जाए। इसके बाद प्रत्येक संस्थान की आवश्यकताओं का आकलन कर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को अधिक सशक्त, आधुनिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version