रांची : परमहंस डॉ. संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची द्वारा संचालित सेवा कार्यक्रम के तहत निराश्रितों और जरूरतमंदों के बीच लगातार भोजन सेवा का कार्य किया जा रहा है। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे दिव्यांग, मंदबुद्धि और निराश्रित लोगों को नियमित रूप से अन्नपूर्णा सेवा के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

आश्रम प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में आश्रम में रह रहे 48 मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रितों एवं उनकी देखभाल में लगे सेवादारों के लिए पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन तैयार कर भोजन प्रसाद वितरित किया जा रहा है। भोजन व्यवस्था आश्रम के रसोईघर में विधिवत तैयार कराई जाती है, ताकि सभी आश्रितों को संतुलित और गुणवत्तापूर्ण आहार मिल सके।

18 दिनों में लगभग चार हजार लोगों तक पहुंची भोजन सेवा

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि 1 जून से 18 जून 2026 तक कुल 18 दिनों के दौरान 3,990 निराश्रितों एवं उनकी सेवा में लगे सेवादारों के बीच अन्नपूर्णा सेवा भोजन प्रसाद का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि यह सेवा अभियान लगातार जारी है और समाज के विभिन्न वर्गों से इसे सहयोग मिल रहा है।

दो वर्षों में 1.40 लाख से अधिक लोगों को मिला भोजन

संजय सर्राफ ने बताया कि पिछले दो वर्षों में आश्रम के माध्यम से 1 लाख 40 हजार से अधिक निराश्रित, दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। इस दौरान कई समाजसेवियों, दानदाताओं और स्वयंसेवकों ने भोजन सेवा का दायित्व निभाया। इसके अलावा अनेक लोगों ने खाद्यान्न सामग्री और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराईं।

जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची आराधना

उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और जरूरतमंदों की सहायता करना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। समाज के सभी वर्गों को ऐसे सेवा कार्यों में आगे आकर सहयोग और प्रोत्साहन देना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचती रहे।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पुजारी अरविंद पांडे, पुरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, नंद किशोर चौधरी, संजय सर्राफ, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, सुरेश चौधरी, अरविंद अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version