रांची: झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बरियातू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीनकर बाइक सवार अपराधी फरार हो गए। घटना थाना परिसर के समीप होने से इलाके में दहशत का माहौल है।
सब्जी खरीदकर लौट रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास एक महिला सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने दो अपराधी अपाचे बाइक पर पहुंचे और महिला के गले से सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं।
थाना के पास वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना बरियातू थाना के बिल्कुल समीप हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब थाना के आसपास ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो शहर के अन्य इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से विशेषकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

