रांची: रांची रेल मंडल के किता-सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य के लिए 28 जुलाई को रेलवे ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते हटिया और रांची आने-जाने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी।
कई ट्रेनें रहेंगी आंशिक रूप से रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस केवल गोमो तक संचालित होगी। गोमो से हटिया और हटिया से गोमो के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
इसी तरह खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस केवल आद्रा तक चलेगी। आद्रा से हटिया और हटिया से आद्रा के बीच ट्रेन का परिचालन नहीं होगा।
वहीं आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर केवल मुरी तक संचालित होगी। मुरी से रांची और रांची से मुरी के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
हटिया-सांकी पैसेंजर पूरी तरह रद्द
रेलवे ब्लॉक के कारण 28 जुलाई को हटिया-सांकी पैसेंजर का दोनों दिशाओं में पूरा परिचालन रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।
- ट्रेन संख्या 18035 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस 30 और 31 जुलाई को अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से खड़गपुर स्टेशन से रवाना होगी।
- ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 28 जुलाई को हटिया स्टेशन से एक घंटे देर से प्रस्थान करेगी।
- ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 30 जुलाई और 2 अगस्त को अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
