रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ घाटी मार्ग पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। घाटी के घुमावदार रास्ते पर लोहे के भारी-भरकम पहिए लेकर जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद सड़क पर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा बिखर गया। दुर्घटना के कारण रामगढ़ घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया तथा वन-वे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। फिलहाल हादसे में घायल और मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।
कई वाहन ट्रेलर की चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर पलटने के बाद उसके नीचे कई वाहन दब गए। इनमें एक काली और एक सफेद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं सड़क किनारे खड़ा एक लाल रंग का कंटेनर ट्रक भी हादसे की चपेट में आ गया।
यात्री बस भी हुई क्षतिग्रस्त
दुर्घटना में एक यात्री बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल राहत कार्य में जुट गए।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया।
प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों और अन्य नुकसान से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
