पलामू : झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश पांडेय रेहला स्थित आदित्य बिरला केमिकल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत थे। वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी गाड़ी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद खेत में जा गिरी स्कॉर्पियो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पास के खेत में जा गिरी। इस हादसे में आकाश पांडेय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो सवार दो लोग घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक आकाश पांडेय, पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के करीबी ईश्वरी पांडेय के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि आकाश पांडेय की शादी वर्ष 2025 के अंतिम महीने में हुई थी। इस अचानक हादसे से परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
