हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के पद्मा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इटखोरी मोड़ के पास फोरलेन सड़क पर ट्रेलर और मालवाहक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया, जबकि ट्रक का आधा हिस्सा भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टक्कर के बाद धू-धूकर जले वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटखोरी मोड़ के पास अचानक सामने आए ट्रक से बचने के प्रयास में हजारीबाग की ओर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। तेज ब्रेक लगने से चिंगारी निकली और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी।
आग की लपटें पास चल रहे ट्रक तक पहुंच गईं, जिससे उसका अगला हिस्सा भी जलने लगा। ट्रक में लदे कोल्ड ड्रिंक के कार्टन भी जलकर राख हो गए।
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। भारी जाम के कारण दमकल को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
इसके बाद क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिससे धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
ड्राइवर फरार, जांच जारी
हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान करने में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और अचानक क्रॉसिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की है।
