धनबाद : झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़, सिंह नगर के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

शादी समारोह में जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार बलियापुर के निपानिया निवासी शत्रुघ्न महतो अपनी पत्नी ममता देवी और पुत्र संतोष महतो के साथ बाइक से महुदा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कोयला लदे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल

हादसे में शत्रुघ्न महतो और उनके पुत्र संतोष महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

लोगों में आक्रोश, सड़क जाम

हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला लदे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

चालक फरार, पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कोयला लदे भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version