गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ-19 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डुमरी स्थित कुलगो टोल प्लाजा के पास तीन ट्रकों की टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें एक ट्रक के चालक और उपचालक जिंदा जल गए। दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
टक्कर के बाद भड़की भीषण आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुड़ लदा एक ट्रक धनबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा, जिससे तीनों वाहनों में आग लग गई।
एक घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक टिंकू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जो पटना का निवासी बताया जा रहा है। उसने बताया कि वह ट्रक खड़ा कर सो रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। आग लगते ही वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। घायल को एंबुलेंस से डुमरी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दो ट्रक जलकर खाक, एक आंशिक रूप से बचा
भीषण आग में दो ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि तीसरे ट्रक को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आंशिक रूप से बचा लिया गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
देर से पहुंची दमकल, बढ़ा नुकसान
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस आग बुझाने में जुट गए। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
