रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक दबाव कम करने और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हिंदपीढ़ी से नयाटोली मार्ग के बीच हरमू नदी पर प्रस्तावित हाई लेवल ब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज हो गई है।

पथ निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए सर्वे कराने का निर्देश जारी किया है। साथ ही रांची पथ प्रमंडल के इंजीनियरों को जल्द प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।

सर्वे और डिजाइन के लिए राशि स्वीकृत

विभाग ने पुल निर्माण से पहले सर्वे और डिजाइन तैयार करने के लिए 3.30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसके अलावा, पुल निर्माण के लिए बजट में अलग से प्रावधान भी किया गया है।

यह परियोजना लंबे समय से प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसके डिजाइन तैयार करने और आगे की प्रक्रिया को मंजूरी मिल गई है।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

इस पुल के निर्माण के बाद सहजानंद चौक से हिंदपीढ़ी और नयाटोली होते हुए मेन रोड तक आवागमन काफी आसान हो जाएगा। खासकर कडरू से मेन रोड जाने वालों के लिए यह मार्ग सबसे सुगम विकल्प बन सकता है।

अशोकनगर और हरमू क्षेत्र के लोगों को भी इस परियोजना से सीधा लाभ मिलेगा और शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

जमीन अधिग्रहण और एप्रोच रोड पर भी ध्यान

प्रस्तावित योजना के तहत पुल निर्माण के साथ-साथ एप्रोच रोड, भूमि अधिग्रहण, नदी किनारे बसे लोगों का विवरण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन जैसे पहलुओं का भी आकलन किया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर वन भूमि से जुड़े प्रस्ताव और अन्य जरूरी प्रशासनिक स्वीकृतियां भी ली जाएंगी।

फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद आगे की प्रक्रिया

तकनीकी एजेंसी द्वारा पहले फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसी के आधार पर परियोजना की लागत, डिजाइन और निर्माण से जुड़ी प्रशासनिक स्वीकृतियां तय की जाएंगी।

यह परियोजना पूरी होने के बाद रांची के शहरी ढांचे को मजबूती मिलेगी और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version