रांची: रांची रेल मंडल में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंडल मुख्यालय परिसर में डीआरएम कार्यालय के पीछे स्थित कैंटीन के समीप करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद मंडल में संचालित सभी ट्रेनों की गतिविधियों की एक ही स्थान से रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी।
बड़ी वीडियो वॉल पर दिखेगी हर ट्रेन की लाइव स्थिति
नए कंट्रोल रूम में अत्याधुनिक तकनीक से लैस बड़ी वीडियो वॉल और डिजिटल स्क्रीन स्थापित की जाएंगी। इन पर ट्रेनों की लाइव लोकेशन, गति, समयपालन, परिचालन की स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार प्रदर्शित होती रहेंगी। इससे किसी भी तकनीकी खराबी, परिचालन बाधा या ट्रेन विलंब की स्थिति में अधिकारियों को तुरंत निर्णय लेने और आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी।
आपदा प्रबंधन के लिए बनेगा आधुनिक कंट्रोल सेंटर
परियोजना के तहत एक आधुनिक डिजास्टर कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। रेल दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यही केंद्र राहत एवं बचाव कार्यों का कमांड सेंटर बनेगा। यहां से मेडिकल, इंजीनियरिंग, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यात्रियों को मिलेगी अधिक सुरक्षित और बेहतर रेल सेवा
रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि यह परियोजना मंडल के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम शुरू होने के बाद ट्रेनों की निगरानी, परिचालन प्रबंधन और आपदा नियंत्रण पूरी तरह तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी हो जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी।
ऐसे करेगा काम हाईटेक कंट्रोल रूम
- जीपीएस, सिग्नलिंग सिस्टम और कंट्रोल नेटवर्क के माध्यम से प्रत्येक ट्रेन की रियल टाइम लोकेशन और गति की निगरानी।
- ट्रेनों की प्राथमिकता, क्रॉसिंग और विलंब की स्थिति में परिचालन का प्रभावी प्रबंधन।
- स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, गार्ड, सिग्नल और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय।
- ओवरहेड बिजली लाइन, सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक में खराबी की तत्काल जानकारी एवं त्वरित कार्रवाई।
- दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का केंद्रीकृत संचालन।
- ट्रेन विलंब, रद्द होने या मार्ग परिवर्तन जैसी सूचनाओं का यात्रियों तक शीघ्र प्रसारण।

