रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं, विकास परियोजनाओं और चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि उनका लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

पर्यटन, खेल और संस्कृति पर विशेष फोकस

समीक्षा बैठक के दौरान राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने, खेल अवसंरचना के विकास और कला एवं संस्कृति के संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इन क्षेत्रों में चल रही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

विभागीय मंत्री भी रहे मौजूद

बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति देने के लिए योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version