रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित हुए बैद्यनाथ राम और परिमल नाथवाणी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों के राज्यसभा पहुंचने से झारखंड की आवाज़ को उच्च सदन में प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए दोनों सदस्यों को उनकी जीत पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों नेता झारखंड के हितों, विकास और जनता की आकांक्षाओं को संसद के उच्च सदन में मजबूती के साथ उठाएंगे।

बैद्यनाथ राम का निर्वाचन बताया ऐतिहासिक

हेमंत सोरेन ने विशेष रूप से बैद्यनाथ राम के निर्वाचन को राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र की भावना को सशक्त करते हुए अनुसूचित जाति समाज से आने वाले बैद्यनाथ राम का राज्यसभा के लिए चुना जाना पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला अवसर होगा जब झारखंड की माटी से दलित समाज का कोई जनप्रतिनिधि राज्यसभा में पहुंचकर राज्य और समाज से जुड़े मुद्दों को उच्च सदन में रखेगा। यह प्रतिनिधित्व सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत करेगा।

सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता सभी वर्गों की भागीदारी और प्रतिनिधित्व में निहित है। बैद्यनाथ राम का राज्यसभा पहुंचना सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो झारखंड की लोकतांत्रिक परंपराओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि बैद्यनाथ राम और परिमल नाथवाणी दोनों राज्यहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए झारखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version