कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के अंदर 30 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान नेहा राज, पति शंभू राणा के रूप में हुई है। घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि महिला के छोटे बेटे ने सबसे पहले अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा।

स्कूल से लौटे बेटे ने देखा भयावह दृश्य

जानकारी के अनुसार, महिला का बेटा दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से घर लौटा था। वैन से उतरने के बाद जैसे ही वह कमरे के अंदर पहुंचा, उसने अपनी मां को गंभीर हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा और डरकर बाहर भाग गया।

बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे ने लोगों को बताया कि उसकी मां के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं पा रही हैं।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति शंभू राणा और अन्य परिचित मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। महिला का गला किसी धारदार हथियार से काटा गया था और काफी खून बह चुका था।

स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े घर के अंदर हुई इस हत्या की घटना से मिटको कॉलोनी के लोग सहम गए हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version