रांची : पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सुप्रीमो दिनेश गोप से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में आरोपी नंदलाल स्वर्णकार उर्फ नंदलाल सोनी की जमानत याचिका पर बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। हालांकि एक महत्वपूर्ण गवाह के अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 जून की तारीख निर्धारित की है।

नंदलाल स्वर्णकार उन 10 सहयोगियों में शामिल हैं, जिनका नाम पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में सामने आया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में दिनेश गोप समेत कुल 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

लेवी और रंगदारी से धन जुटाने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार संगठन के लिए लेवी और रंगदारी के माध्यम से धन एकत्र किया जाता था। आरोप है कि इसी धन का उपयोग संगठन की गतिविधियों को संचालित करने में किया जाता था। मामले की जांच के दौरान कई वित्तीय लेनदेन और कथित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।

नोटबंदी के दौरान सामने आया था मामला

इस मामले की शुरुआत 10 नवंबर 2016 को हुई थी। नोटबंदी लागू होने के बाद बेड़ो थाना क्षेत्र में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों के साथ कुछ पेट्रोल पंप कर्मियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से कुल 25.38 लाख रुपये बरामद किए गए थे।

इस संबंध में बेड़ो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि बरामद राशि कथित तौर पर पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप से जुड़ी हुई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह रकम लेवी और रंगदारी के जरिए जुटाई गई थी।

NIA ने अपने हाथ में ली थी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बाद में जांच अपने हाथ में ले ली। रांची पुलिस ने 9 जनवरी 2017 को पहला आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद 19 जनवरी 2018 को एनआईए ने मामला टेकओवर कर नया केस दर्ज किया और विस्तृत जांच शुरू की।

जांच पूरी होने के बाद एजेंसी ने दिनेश गोप समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई फिलहाल विशेष अदालत में जारी है।

ये हैं मामले के आरोपी

टेरर फंडिंग मामले में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमें विनोद कुमार, चंद्रशेखर कुमार, नंद किशोर महतो, मोहन कुमार उर्फ राजेश कुमार, सुमंत कुमार उर्फ पवन कुमार, नंदलाल स्वर्णकार उर्फ नंदलाल सोनी, चंद्रशेखर सिंह, अरुण गोप, जितेंद्र कुमार और गुजरात निवासी नवीनभाई जयंतीभाई पटेल शामिल हैं।

अब नंदलाल स्वर्णकार की जमानत याचिका पर 18 जून को सुनवाई होगी। मामले की अगली सुनवाई और अदालत के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version