रांची: श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क और रेल, दोनों माध्यमों से यात्रा सुविधाओं का विस्तार किया गया है। रांची के कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड से प्रतिदिन 12 बसों का नियमित परिचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही अग्रिम बुकिंग शुरू कर दी गई है, जबकि समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूरी बस बुक कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

वहीं, श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों और कांवरियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी रांची होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।

बस किराया और ग्रुप बुकिंग की सुविधा

रांची से देवघर के लिए पूरे वर्ष 12 बसों का संचालन होता है। यात्रियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। बस में साधारण सीट का किराया 550 रुपये और स्लीपर सीट का किराया 600 रुपये निर्धारित किया गया है।

बस ऑनर्स एसोसिएशन के अनुसार, यदि 35 या उससे अधिक श्रद्धालुओं का समूह होगा तो उनकी सुविधा के अनुसार पूरी बस उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर मेला परमिट लेकर अतिरिक्त पांच से दस बसें भी चलाई जा सकती हैं।

श्रावणी मेला के लिए प्रशासन की विशेष तैयारी

राज्य सरकार ने श्रावणी मेला के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर देवघर और दुमका में कुल 65 प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें देवघर में 40 और दुमका में 25 अधिकारी तैनात किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की होगी।

इसके अलावा पुलिस मुख्यालय ने देवघर और वासुकिनाथ धाम में 27 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की है, जबकि 90 वायरलेस ऑपरेटरों को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। अधिकारियों की तैनाती जुलाई के अंतिम सप्ताह से अगस्त के अंत तक प्रभावी रहेगी।

रांची होकर चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन एक अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार को करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रांची, हटिया, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर मधुपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08896 दो अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से इतवारी के लिए चलेगी। इससे झारखंड सहित पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं को श्रावणी मेला के दौरान यात्रा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version