रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित रथयात्रा महोत्सव-2026 में गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने खींची भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय-जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भी आस्था और उत्साह के साथ रथयात्रा में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने सभी राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

जगन्नाथपुर मंदिर के लिए बनेगा भव्य तोरणद्वार

रथयात्रा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जगन्नाथपुर मंदिर की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर राज्य सरकार की ओर से भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा, ताकि दूर से ही मंदिर की पहचान हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जगन्नाथपुर मंदिर को धार्मिक और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रथयात्रा महोत्सव को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

रथयात्रा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर में सुबह से ही दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version