रांची: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की गर्वनिंग बॉडी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री एवं रिम्स शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी करेंगे। बैठक में रिम्स के विकास, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े 13 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा होगी।
एचआईएमएस लागू करने पर रहेगा सबसे अधिक जोर
बैठक का सबसे अहम एजेंडा सी-डैक सॉफ्टवेयर के माध्यम से हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस) को लागू करना है। इसके अलावा डॉक्टरों की नियुक्ति, नए विभागों की शुरुआत और अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा।
बुधवार से शुरू होंगी नई स्वास्थ्य सुविधाएं
गर्वनिंग बॉडी की बैठक के अगले दिन बुधवार को रिम्स में कई नई परियोजनाओं का शुभारंभ करने की तैयारी की गई है। इस दौरान मैक्सिलो फेशियल सर्जरी विभाग का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही सी-डैक आधारित एचआईएमएस प्रणाली और सेंट्रल लैब का भी विधिवत शुभारंभ होगा।
मरीजों को मिलेगी आधुनिक और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवा
रिम्स प्रबंधन का मानना है कि एचआईएमएस प्रणाली लागू होने से अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक, डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। वहीं सेंट्रल लैब और नए विभागों के शुरू होने से मरीजों को जांच और उपचार की बेहतर एवं त्वरित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उम्मीद है कि बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों से राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।
