गिरिडीह : मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचकरी टोला तिरिलटांड में हुए चर्चित पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि सभी आरोपी मृतक दंपती के ही परिजन हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और जादू-टोना करने के संदेह में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
यह घटना 2 और 3 जून 2026 की दरम्यानी रात की है, जब अज्ञात हमलावरों ने पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परसनी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय लोगों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मामले की गहन जांच की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक परिवार और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा मृतक दंपती पर जादू-टोना करने का संदेह भी जताया जा रहा था, जिसने विवाद को और गहरा कर दिया।
तीन आरोपियों ने किया हमला, चार ने दिया सहयोग
पुलिस के अनुसार रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा और विजय हांसदा ने धारदार हथियार से हमला कर पति-पत्नी की हत्या की। वहीं दोमा हांसदा, बब्लू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा ने पूरी साजिश और वारदात में सहयोग किया।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार और खून लगे कपड़े बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छुरे, एक गुलाबी सूती गमछा, एक काला जींस, एक सफेद हाफ टी-शर्ट और दो अन्य गमछे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद कपड़ों पर खून जैसे धब्बे मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
सभी आरोपी मृतक परिवार के रिश्तेदार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा, विजय हांसदा, दोमा हांसदा, बब्लू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा के रूप में हुई है। सभी आरोपी मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचकरी जाहेर टोला के निवासी हैं और मृतक परिवार से ही संबंध रखते हैं।
अंधविश्वास और जमीन विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच जादू-टोना करने के संदेह ने परिवार के भीतर तनाव को और बढ़ा दिया। अंततः यही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और पति-पत्नी की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे भी जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

