रांची: 135वें डूरंड कप-2026 के आगाज से पहले राजधानी रांची में फुटबॉल का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। बुधवार से टूर्नामेंट के लिए निःशुल्क टिकटों का वितरण शुरू हो गया। पहले ही दिन फुटबॉल प्रेमियों को 12,256 टिकट जारी किए गए।
आयोजन समिति के अनुसार उद्घाटन मुकाबले के लिए कुल 25,000 टिकट उपलब्ध हैं। शेष टिकटों का वितरण 23 जुलाई को किया जाएगा। यदि इसके बाद भी टिकट बचते हैं तो 25 और 26 जुलाई को भी उनका वितरण किया जाएगा। टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जा रहे हैं।
स्टेडियम में बनाए गए 12 टिकट काउंटर
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में कुल 12 टिकट काउंटर बनाए गए हैं। इनमें गेट संख्या 11 से 13 के बीच 10 काउंटर तथा गेट संख्या 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। कई काउंटर होने से टिकट लेने पहुंचे लोगों को लंबी प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़ा।
फुटबॉल प्रेमियों में दिखा जबरदस्त उत्साह
पहले दिन बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी टिकट लेने पहुंचे। लोगों ने कहा कि निःशुल्क टिकट मिलने से अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम में विश्वस्तरीय फुटबॉल मुकाबलों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। उनका मानना है कि झारखंड में फुटबॉल के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और डूरंड कप की मेजबानी राज्य के लिए गौरव की बात है।
26 जुलाई से शुरू होगा टूर्नामेंट
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि डूरंड कप-2026 के सफल आयोजन के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, पार्किंग, टिकट वितरण, चिकित्सा सुविधा और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को शाम 5 बजे उद्घाटन मुकाबले के साथ 135वें डूरंड कप का आगाज होगा। उन्होंने राज्यवासियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील भी की।

