कोलकाता : पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव नतीजों ने देश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। सबसे अहम परिणाम पश्चिम बंगाल से सामने आया है, जहां पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है।
9 मई को होगा शपथग्रहण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के अनुसार नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को आयोजित किया जाएगा। यह तिथि विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इसी दिन महान साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी मनाई जाती है। बांग्ला पंचांग के अनुसार यह दिन 25 वैशाख के रूप में जाना जाता है।
मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। साथ ही शपथग्रहण समारोह में किन प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा, इस पर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप
चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शाम 4 बजे प्रेस वार्ता बुलाई है। इससे पहले भवानीपुर सीट से हार के बाद उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा द्वारा गड़बड़ी की गई और 100 से अधिक सीटों पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके एजेंटों को बूथ में प्रवेश नहीं करने दिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
राहुल गांधी की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अन्य दलों को किसी एक पार्टी की हार पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने इसे पूरे देश से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सभी दलों से बड़ी सोच रखने की अपील की।
इन चुनाव परिणामों ने देश की राजनीति में नई दिशा देने के संकेत दिए हैं, जिसका प्रभाव आने वाले समय में और स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है।

