रांची : रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में सोमवार को एक गंभीर हादसा हो गया। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती एक महिला मरीज अस्पताल की ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सुरक्षाकर्मियों को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर के कॉरिडोर में मौजूद लोगों ने अचानक तेज आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में फर्श पर पड़ी हुई थी।

सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पहुंचाया इमरजेंसी

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात सशस्त्र पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। इसी दौरान महिला का पति और उसका बच्चा भी चौथी मंजिल से नीचे पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत सेंट्रल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में स्थानांतरित कर दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना की जांच में जुटा अस्पताल प्रबंधन

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और संबंधित पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला किस परिस्थिति में ऊपरी मंजिल से गिरी। पुलिस और अस्पताल प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version