रांची: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने ट्रेन संख्या 17433/17434 तिरुपति–रक्सौल–तिरुपति साप्ताहिक एक्सप्रेस को पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत जनकपुर रोड रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव प्रदान किया है। यह ट्रेन रांची होकर संचालित होती है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस व्यवस्था से जनकपुर रोड क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की रेल यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
तिरुपति–रक्सौल एक्सप्रेस का समय
ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति–रक्सौल साप्ताहिक एक्सप्रेस 13 जुलाई 2026 से अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी। यह ट्रेन 15 जुलाई 2026 से जनकपुर रोड स्टेशन पर दोपहर 2:13 बजे पहुंचेगी और 2:15 बजे प्रस्थान करेगी।
रक्सौल–तिरुपति एक्सप्रेस का समय
ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल–तिरुपति साप्ताहिक एक्सप्रेस 9 जुलाई 2026 से जनकपुर रोड स्टेशन पर सुबह 5:10 बजे पहुंचेगी और 5:12 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे ने बताया कि यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर दिया गया है। यात्रियों की संख्या और परिचालन की समीक्षा के बाद इसे स्थायी बनाए जाने पर निर्णय लिया जाएगा।
