रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत 22 जुलाई को आयोजित होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 की तीसरी बैठक और चुनाव पाठशाला के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक समाहर्त्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली चुनाव पाठशाला की कार्ययोजना और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देना, प्राप्त इन्यूमेरेशन फॉर्म का संग्रहण एवं सत्यापन सुनिश्चित करना, एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करना है।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

29 जुलाई से पहले फॉर्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन का लक्ष्य

जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि 22 जुलाई को आयोजित होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 की तीसरी बैठक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करें और 29 जुलाई 2026 से पहले इन्यूमेरेशन फॉर्म का शत-प्रतिशत संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित कराने में सक्रिय सहयोग दें।

उपायुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा, जिससे आगामी चुनावों के लिए सटीक और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार होगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version