रांची : झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश और एशिया के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। डूरंड कप के 135वें संस्करण के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त तक रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें ग्रुप-सी के छह लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला शामिल है।

करीब 138 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार रांची को मेजबानी का अवसर मिला है। आयोजन को लेकर खेल विभाग, भारतीय सेना और जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार हो रहा स्टेडियम

करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। खेल सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद स्टेडियम की पिच, फ्लडलाइट, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम, दर्शकों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने का कार्य तेज गति से चल रहा है।

भारतीय फुटबॉल सितारों का दिखेगा जलवा

टूर्नामेंट के दौरान रांची के फुटबॉल प्रेमियों को भारतीय फुटबॉल के कई नामचीन खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। जमशेदपुर एफसी के स्टार विंगर ऋत्विक दास, जो भारतीय सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं अनुभवी डिफेंडर प्रतीक चौधरी भी अपनी टीम की रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे।

मुफ्त पास और टिकट होंगे उपलब्ध

राज्य के खेल विभाग ने दर्शकों के लिए बड़ी राहत देते हुए सभी मैचों के पास और टिकट नि:शुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य राज्य के दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले फुटबॉल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को बिना किसी आर्थिक बाधा के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आनंद लेने का अवसर देना है।

ग्रुप-सी में होगा रोमांचक मुकाबला

रांची में आयोजित ग्रुप-सी के मुकाबलों में जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स, एससी दिल्ली और श्रीलंका की प्रसिद्ध डिफेंडर्स एफसी आमने-सामने होंगी। अंतरराष्ट्रीय क्लब की भागीदारी से प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।

रांची में ग्रुप-सी के मुकाबलों का कार्यक्रम

तारीखमुकाबलासमय
26 जुलाईमशेदपुर एफसी बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 5:00 बजे
29 जुलाईइंडियन एयर फोर्स बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 7:00 बजे
4 अगस्तजमशेदपुर एफसी बनाम एससी दिल्लीशाम 4:00 बजे
7 अगस्तएससी दिल्ली बनाम डिफेंडर्स एफसीशाम 4:00 बजे
10 अगस्तएससी दिल्ली बनाम इंडियन एयर फोर्सशाम 7:00 बजे
13 अगस्तजमशेदपुर एफसी बनाम इंडियन एयर फोर्सशाम 4:00 बजे
16 अगस्तक्वार्टर फाइनलशाम 4:00 बजे

18 जुलाई को निकलेगा डूरंड कप ट्रॉफी टूर

डूरंड कप को लेकर रांची में उत्साह बढ़ाने के लिए 18 जुलाई को ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिष्ठित ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से गुजारा जाएगा, ताकि खेल प्रेमी इसे करीब से देख सकें और टूर्नामेंट के प्रति उत्साह और बढ़े।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version