रांची: झारखंड के सरकारी पारा मेडिकल संस्थानों के प्रशिक्षु छात्रों ने स्टाइपेंड (भत्ता) की मांग को लेकर राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। नेपाल हाउस के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन ने किया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राजकीय पारा मेडिकल संस्थान एमजीएम, जमशेदपुर तथा राज्य के अन्य सरकारी पारा मेडिकल कॉलेजों के प्रशिक्षु छात्रों को स्टाइपेंड देने की मांग उठाई।

स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

छात्रों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मौजूदगी में उनके कार्यालय के सामने कटआउट और बैनर के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्राओं की भी भागीदारी रही। दोपहर में जब स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय से बाहर निकले तो छात्रों ने उन्हें घेरकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

मंत्री ने दिया मांगों पर विचार का आश्वासन

प्रदर्शन के दौरान झारखंड पारा मेडिकल स्टाफ एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा। छात्रों की बात सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पारा मेडिकल छात्रों का कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी प्रशिक्षु पारा मेडिकल छात्रों को नियमित स्टाइपेंड उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version