जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ के फिर से सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों से यह गठजोड़ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें फैलाकर अपनी मौजूदगी का संदेश दे रहा था, लेकिन अब इसकी गतिविधियां खुलकर सामने आने लगी हैं।

सरयू राय ने जारी बयान में कहा कि वह वर्ष 2005 से इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली पर नजर रखे हुए हैं। उनके अनुसार, राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अपराधी मंत्री और विधायक के साथ तस्वीरों वाले पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर यह संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं कि उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।

युवाओं को अपराध की ओर धकेलने का आरोप

विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक युवा नेता की पहचान का इस्तेमाल कर कृष्णा नगर, गुरुद्वारा बस्ती और पारस नगर क्षेत्र में कम उम्र के युवाओं को प्रभावित किया जा रहा है। उनका दावा है कि इन युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेलकर गिरोह के लिए मानव संसाधन तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम चुनाव के बाद बढ़ीं गतिविधियां

सरयू राय ने कहा कि नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद यह गिरोह निष्क्रिय हो गया था, लेकिन मानगो नगर निगम चुनाव के बाद इसकी गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब अपराधियों का नाम लेने पर उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और तस्वीरों के अपमान जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।

जनता से सहयोग की अपील

विधायक ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र को अपराधियों का नया अड्डा बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने मानगो की जनता से इस मामले को गंभीरता से लेने और अपराध तथा उसके राजनीतिक संरक्षण के खिलाफ खड़े लोगों का समर्थन करने की अपील की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो बालीगुमा-गुरुद्वारा रोड से लेकर आजाद नगर और जाकिर नगर तक का पूरा मानगो नगर निगम क्षेत्र आपराधिक तत्वों के प्रभाव में आ सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version