जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बेताकोचा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक फैक्ट्री परिसर के बाहर खड़े कंटेनर के अंदर चालक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान की। बताया जा रहा है कि हवा सिंह कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 लेकर जमशेदपुर आया था और फैक्ट्री परिसर के बाहर वाहन खड़ा कर वहीं रुका हुआ था।

कंटेनर के अंदर फंदे से लटका मिला शव

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक ने रविवार देर रात कंटेनर के भीतर ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर आत्महत्या की। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को घेर लिया और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को शीतगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।

मोबाइल और हेडफोन बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वह किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

एमजीएम थाना पुलिस के अनुसार आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य निजी परेशानी से गुजर रहा था या नहीं।

पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही फैक्ट्री कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद अन्य वाहन चालकों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version