मुंगेर : हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के कच्ची मोड़ स्थित डंगरी नदी के समीप शुक्रवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के लौना गांव निवासी 24 वर्षीय अजीत कुमार दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजीत टाइल्स मजदूर के रूप में काम करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

ससुराल जाने की बात कहकर निकला था घर से

परिजनों के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद अजीत घर से निकला था। उसने ससुराल धपरा गांव जाने की बात कही थी, लेकिन शुक्रवार सुबह उसका शव डंगरी नदी के पास सुनसान इलाके में नीम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम

घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर के एसडीपीओ अनिल कुमार, थानाध्यक्ष राजेश कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी रही।

पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अजीत कुमार दास अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। बड़ी बेटी संध्या कुमारी की उम्र करीब एक वर्ष बताई जा रही है, जबकि छोटी बेटी अंशिका कुमारी अभी मात्र छह माह की है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ अनिल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू पर जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version