रांची: राजधानी रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक किराए के मकान से मां-बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल मिली हैं, जिन्हें इलाज के लिए पहले सेवा सदन और बाद में रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। वहीं पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी तथा चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी गंभीर हालत में मिलीं। दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है।
कपड़ा दुकान में काम करती थीं पिंकी
जानकारी के अनुसार पिंकी देवी रांची की एक कपड़ा दुकान में कार्यरत थीं। उनके पति चंदन साहू का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में किराए पर रह रहा था। सभी मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव के निवासी थे।
परिवार में सास मुन्नी देवी और ससुर पंचम साहू भी हैं। पंचम साहू टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मुन्नी देवी मजदूरी करती हैं। यह परिवार करीब ढाई वर्षों से रांची में रह रहा था।
दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ घटना का खुलासा
स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने एस्बेस्टस हटाकर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मां-बेटे की मौत हो चुकी थी, जबकि दोनों बच्चियां बेहोशी की हालत में मिलीं।
दम घुटने से मौत की आशंका, जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार एक छोटे कमरे में सो रहा था, जहां खाना बनाने के लिए कोयले का चूल्हा भी रखा हुआ था। संभावना है कि चूल्हे से निकले धुएं के कारण कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और दम घुटने से यह हादसा हुआ।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
