सरायकेला-खरसावां: जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सीमित संसाधनों के बावजूद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागीय पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का स्पष्ट रूप से निर्वहन करें और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।

चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर होगी सख्त निगरानी

बैठक में उपायुक्त ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

इसके साथ ही प्रत्येक अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर, शिफ्ट हैंडओवर व्यवस्था और दैनिक कार्य रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

आयुष्मान भारत योजना का अधिक से अधिक लोगों को मिले लाभ

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभार्थियों का अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को कैशलेस उपचार की सुविधा का पूरा लाभ मिलना चाहिए।

साथ ही टेलीमेडिसिन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

अस्पतालों की साफ-सफाई और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर

उपायुक्त ने जिले के सभी अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मेंटेनेंस फंड का समुचित उपयोग करते हुए उत्तरदायी टीम गठित करने को कहा, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए दो नए एक्स-रे मशीन की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में खराब पड़े उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, उपाधीक्षक डॉ. नुकुल चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version