रांची: सावन माह में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री के उपयोग पर रोक लगा दी गई है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे श्रद्धालुओं को शीशे में पैक या शीशे से बनी कोई भी पूजन सामग्री उपलब्ध न कराएं।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे पूजा-अर्चना के दौरान शीशे या धातु की ऐसी वस्तुओं का उपयोग न करें, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो या दुर्घटना की आशंका बने।

सावन की तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा

रविवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर सावन मेले की तैयारियों और मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सावन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर

उपायुक्त ने मंदिर तक जाने वाले सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, सीढ़ियों पर बैठने की व्यवस्था, रास्तों में बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा तथा अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पहाड़ी बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह तथा पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version