रांची: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के दौरान सामने आई एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि) सूची को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 27 जुलाई तक इस सूची में शामिल मतदाताओं की संख्या 40,04,817 पहुंचने के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस पर गंभीर चिंता जताई है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

डिजिटाइजेशन के बावजूद लाखों मतदाता ‘अनुपस्थित’ कैसे?

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष सवाल उठाया कि जब राज्य में मतदाता सूची का डिजिटाइजेशन बेहतर स्तर पर है, तब लाखों मतदाताओं का ‘लापता’ और ‘अनुपस्थित’ श्रेणी में आना प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से रांची, हटिया, कांके, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर पश्चिम जैसे शहरी विधानसभा क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या 75 हजार से 1.15 लाख तक पहुंच गई है।

सावन मेले और बीएलओ की प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने ज्ञापन में यह भी कहा कि देवघर, दुमका और आसपास के क्षेत्रों में श्रावणी मेले के कारण आम नागरिक और प्रशासनिक अमला व्यस्त है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद हस्ताक्षरयुक्त पावती रसीद नहीं दी जा रही है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक अनमैपिंग सूची सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे मतदाताओं में भ्रम और अनावश्यक दबाव की स्थिति बनी हुई है।

समय-सीमा बढ़ाने की मांग

प्रदेश कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से इन्यूमरेशन फेज, नोटिस जारी करने और सुनवाई प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि पर्याप्त समय मिलने से पात्र मतदाता अपने नामों को सूची में शामिल कराने या त्रुटियों का सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिया आश्वासन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद समय-सीमा में 15 दिनों के विस्तार का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के अलावा महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, सुनील सिंह और राजेश चंद्र राजू सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version