रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की हार नहीं है, बल्कि पूरे महागठबंधन की हार है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में महागठबंधन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ धोखा और विश्वासघात हुआ है।

रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस गंभीर है और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मामले की जांच कराएंगे और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

महागठबंधन के साथ हुआ विश्वासघात : केशव महतो

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव परिणामों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ा, लेकिन परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में महागठबंधन की एकजुटता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और गठबंधन के साथ विश्वासघात हुआ है।

भाजपा और राजद के आरोपों को बताया निराधार

प्रेस वार्ता के दौरान केशव महतो कमलेश ने भाजपा और राजद की ओर से कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू तथा पार्टी विधायकों पर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और विधायकों पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार, दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पार्टी की विचारधारा और संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के विधायकों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

कांग्रेस भवन में आयोजित इस प्रेस वार्ता में विधायक दल के नेता, विधायक दल के उपनेता, राज्य सरकार के तीन मंत्री तथा सात अन्य विधायक भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पार्टी की एकजुटता पर भरोसा जताते हुए कहा कि कांग्रेस महागठबंधन को मजबूत बनाने के लिए आगे भी अपनी भूमिका निभाती रहेगी।

राज्यसभा चुनाव के परिणाम के बाद झारखंड की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस जहां विश्वासघात की बात कर रही है, वहीं अन्य दल अपने-अपने स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप में जुटे हुए हैं। ऐसे में अब सभी की नजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महागठबंधन नेतृत्व की आगामी रणनीति पर टिकी हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version