रांची : महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और महिला कांग्रेस की नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

‘ड्रामेबाजी’ का आरोप, पीएम पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की राजनीति को ड्रामेबाजी करार देते हुए नरेंद्र मोदी को “बेस्ट ड्रामा ऑफ द ईयर” का अवार्ड देने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।

आरक्षण लागू करने और ओबीसी कोटा की मांग

संवाददाता सम्मेलन से पहले महिला कांग्रेस की ओर से एक पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया गया। इसके तहत 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की गई। साथ ही कांग्रेस ने ओबीसी महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

शिल्पी नेहा तिर्की के सवाल

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जब विधेयक 2023 में पारित हो चुका है, तो फिर विशेष सत्र बुलाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन के नाम पर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित कर रही है। उन्होंने यह भी पूछा कि अब तक गजट नोटिफिकेशन क्यों जारी नहीं किया गया।

देशभर में चलेगा पोस्टकार्ड अभियान

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने बताया कि भाजपा के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रधानमंत्री को 10 लाख पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। साथ ही 6 मई को राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।

अन्य नेताओं का भी प्रहार

कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री पद का उपयोग भ्रम फैलाने के लिए किया जा रहा है। वहीं गुंजन सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का उपयोग किया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version