रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सम्मानित होने पर रविवार को बधाई दी। फिल्म ‘आंगेन’ को किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
सीएम ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि संथाली भाषा, झारखंड और पूरे राज्य के सांस्कृतिक जगत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से झारखंड की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
संथाली भाषा और संस्कृति को मिला राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म ‘आंगेन’ के माध्यम से रवि राज मुर्मू ने संथाली भाषा, संस्कृति और लोककथाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि देशज सिनेमा और क्षेत्रीय भाषाओं की समृद्ध विरासत को भी नई पहचान दिलाने वाली है।
झारखंड की रचनात्मक प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
हेमंत सोरेन ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार झारखंड की उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इससे राज्य में कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा मिलेगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पहचान और मजबूत होगी।
