रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक Kalpana Soren के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां सोलहभुजी की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा माता रानी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित मनोज पंडा और मुख्य पाहन सुखराम ने किया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर उमड़े श्रद्धालु

मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच गए। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान कई लोगों ने उनका स्वागत किया और उनसे मुलाकात भी की।

मां दिउड़ी मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि मां दिउड़ी मंदिर न केवल झारखंड बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है और यहां का आध्यात्मिक वातावरण लोगों को विशेष अनुभूति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह स्थल लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है।

झारखंड की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने मां दिउड़ी से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद झारखंडवासियों पर सदैव बना रहे और राज्य विकास, उन्नति तथा समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने राज्य के सभी लोगों के सुखद, सुरक्षित और समृद्ध जीवन की कामना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version