रांची: राजधानी रांची के राज अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत और परिजनों द्वारा लापरवाही के लगाए गए आरोपों के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रांची के उपायुक्त को मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने जांच पूरी होने के बाद की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा है।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन को दिए जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद रांची के उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय जांच टीम गठित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हरकत में आया प्रशासन

यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया गया कि पैर टूटने के बाद एक मरीज को राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि मरीज को लंबे समय तक गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया, इलाज के नाम पर करीब 22 लाख रुपये का बिल बनाया गया और अंततः उसकी मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल मामले की जांच के निर्देश दिए। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मरीज की मौत के बाद हुआ था हंगामा

मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया था और इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

अब जिला प्रशासन की जांच टीम पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version