रांची: राजधानी के राज अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत और करीब 22 लाख रुपये का बिल सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर हो गया है। घटना के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन की टीम ने अस्पताल पहुंचकर शुरू की जांच
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की ओर से गठित जिला स्तरीय जांच टीम राज अस्पताल पहुंची। जांच दल ने मरीज के इलाज से जुड़े दस्तावेज, मेडिकल रिकॉर्ड, बिलिंग से संबंधित अभिलेख और उपचार की पूरी प्रक्रिया की जांच की।
प्रारंभिक जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी है। प्रशासन पूरे मामले के तथ्यों की जांच कर रहा है।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
मृतक की पहचान लातेहार निवासी राजू रंजन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पैर में फ्रैक्चर होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन समय पर उचित ड्रेसिंग और इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि इसी कारण संक्रमण लगातार बढ़ता गया और बाद में मरीज को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान अस्पताल की ओर से करीब 22 लाख रुपये का बिल बनाया गया। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने भी दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को स्वतंत्र जांच कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
राज अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। अस्पताल का कहना है कि मरीज का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया गया था।
अस्पताल के अनुसार, मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए पैर काटने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजनों ने इसके लिए अनुमति नहीं दी। प्रबंधन ने यह भी कहा है कि वह जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग देगा।
अस्पताल में तोड़फोड़ की निंदा
इस बीच एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया, झारखंड ने मरीज की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए अस्पताल परिसर में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की निंदा की है। संगठन ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए तथा जांच पूरी होने के बाद ही जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
