बकरीद को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज

चतरा : चतरा में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी को लेकर डीसी कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता डीसी रवि आनंद ने की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

डीसी ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति का पर्व है। ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

संवेदनशील इलाकों में होगा फ्लैग मार्च

बैठक के दौरान डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां जरूरत के अनुसार फ्लैग मार्च कराने को भी कहा गया। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान हर क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती

बकरीद के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

डीसी ने कहा कि मांस, मछली और मुर्गा विक्रेता अपशिष्ट सामग्री सिर्फ निर्धारित स्थानों पर ही फेंकें। यदि कोई सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या नालियों में अपशिष्ट फेंकता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई बार जानवर अपशिष्ट सामग्री को इधर-उधर ले जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी

बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि बकरीद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।

उन्होंने बताया कि फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन कैमरे से भी होगी निगरानी

एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री को बिना जांचे-परखे साझा न करें।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती अभियान चलाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि बकरीद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसे लेकर सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version