रांची : झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं कई इलाकों में दोपहर बाद आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने 20 मई को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना है।
वहीं रांची, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आंशिक बादल छाए रहने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इन इलाकों में मेघ गर्जन और हल्की बारिश के भी आसार हैं।
21 और 22 मई को लू और बारिश दोनों की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 21 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में लू चलने की संभावना है। हालांकि अन्य जिलों में दिन में तेज धूप और दोपहर बाद बादल छाने के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है।
22 मई को भी राज्य में मौसम का यही मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। कई जिलों में गर्मी के साथ मेघ गर्जन और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
23 मई को फिर तेज आंधी और बारिश के आसार
23 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज में दोपहर बाद 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं पलामू, गढ़वा सहित अन्य जिलों में भी तेज हवा, मेघ गर्जन और बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 25 मई तक राज्य के सभी जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
रांची और जमशेदपुर में बढ़ा तापमान
पिछले 24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सरायकेला में सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि खूंटी और आसपास के इलाकों में तेज हवा चली।
