बोकारो : झारखंड के बोकारो कोषागार से वेतन की अवैध निकासी मामले में सीआईडी की विशेष जांच टीम को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान टीम ने अब तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की मनी ट्रेल का खुलासा किया है, जिसे इस केस में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा माना जा रहा है।

1.98 करोड़ की राशि फ्रीज, निवेश के दस्तावेज बरामद

सीआईडी के अनुसार, जांच में विभिन्न बैंक खातों में भेजे गए 1.80 करोड़ रुपये को चिन्हित कर फ्रीज कर दिया गया है। इसके अलावा 18 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी सीज की गई है। एसआईटी ने अशोक भंडारी के बोकारो स्थित आवास पर छापेमारी कर निवेश और संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इनमें तेलीडीह क्षेत्र में तीन मंजिला मकान और अन्य जमीन से जुड़े कागजात शामिल हैं।

एक और गिरफ्तारी, चार आरोपी अब तक पकड़े गए

इस मामले में सीआईडी रांची टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात आरक्षी काजल मंडल को गिरफ्तार किया है। उसे पूछताछ के लिए रांची लाया गया है। काजल पर मुख्य आरोपी कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी होने का आरोप है।
अब तक इस घोटाले में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले लेखापाल कौशल कुमार पांडेय, होमगार्ड सतीश कुमार और जमादार अशोक भंडारी को गिरफ्तार किया गया था।

मैनुअल और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच

जांच एजेंसी ने इस केस में मैनुअल और डिजिटल दोनों तरह के दस्तावेजों की गहन जांच की है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और कई अन्य लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

गुमला में भी अवैध निकासी का मामला

इसी बीच गुमला जिले में भी वेतन मद में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां 28.39 लाख रुपये की अवैध निकासी का खुलासा हुआ है। यह मामला महालेखाकार द्वारा आईएफएमएस डाटा की जांच के दौरान सामने आया, जिसमें 2017 से 2025 के बीच गड़बड़ी होने की बात सामने आई है।

डीसी ने मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों पर नजर

मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने संबंधित विभागों से तत्काल जांच रिपोर्ट मांगी है। डीएसई और अन्य अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच में कुछ अधिकारियों और डीडीओ के नाम भी सामने आए हैं।

आगे और खुलासों की संभावना

सीआईडी एसआईटी अब बैंक लेन-देन, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version